कांग्रेस का प्रदर्शन ‘चोरी और सीनाजोरी’ का उत्कृष्ट उदाहरण: शर्मा

भोपाल, 16 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस के राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में किए जा रहे प्रदर्शन के मामले पर आज कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन ‘चोरी और सीनाजोरी’ का उत्कृष्ट उदाहरण है।

श्री शर्मा ने आज यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ, छल-कपट की राजनीति करती रही है और नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर उसका विरोध प्रदर्शन भी ‘चोरी और सीनाजोरी’ का उत्कृष्ट उदाहरण है। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की चार्जशीट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम आना पूरी तरह से तकनीकी और कानूनी मामला है। इसलिए कांग्रेस को ईडी और आयकर जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर प्रदर्शन के माध्यम से दबाव डालने का प्रयास करने की बजाय उसे तकनीकी और कानूनी आधार पर अपना पक्ष अदालत में रखना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले की शुरुआत 2012 में हुई थी, उस समय देश में कांग्रेस की ही सरकार थी। एक जनहित याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने वर्ष 2013 में इस मामले में सुनवाई शुरू की और 2013 में ही नेशनल हेराल्ड मामले में केस दर्ज हुआ। उस समय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार नहीं थी, बल्कि कांग्रेस की ही सरकार थी। ऐसे में कांग्रेस के मित्रों से वे यह पूछना चाहते हैं कि ईडी की चार्जशीट में श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं सैम पित्रोदा आदि के जो नाम आए हैं, तो इनके खिलाफ षडयंत्र किसने किया। चूंकि यह मामला मोदी सरकार के आने के पहले का है, इसलिए कांग्रेस का इस मुद्दे पर राजनीति करने का कोई औचित्य ही नहीं बनता।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ईडी, सीबीआई जैसी सभी संवैधानिक संस्थाओं को ईमानदारी से काम करने की छूट दी है। जब ये संस्थाएं कानून के अनुसार अपना काम कर ही हैं, तो इनके विरोध में धरना-प्रदर्शन करने से ये दबाव में नहीं आएंगी। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा श्रीमती गांधी और श्री राहुल गांधी से यह सवाल पूछती है कि क्या देश में कानून को अपना काम नहीं करना चाहिए। हजारों करोड़ की संपत्ति पर गैर कानूनी तरीके से षडयंत्र करके कब्जा कर लिया जाए, तो क्या कानून को इसमें चुप रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन की बजाय कांग्रेस को जिन तथ्यों के आधार पर श्रीमती गांधी और श्री राहुल गांधी का नाम चार्जशीट में आया है, उन तथ्यों को देश की जनता के सामने रखना चाहिए। कांग्रेस में बहुत बड़े वकील हैं और उसे कानूनी तथा तकनीकी आधार पर अपना पक्ष अदालत के सामने रखना चाहिए।

Next Post

EOW ने डिंडोरी में बीज घोटाले से जुड़े दस्तावेज जब्त किए, अधिकारी तलब

Wed Apr 16 , 2025
जबलपुर। ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार को डिंडौरी कृषि विभाग कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने 2021-22 में टारफा योजना के तहत हुए बीज घोटाले से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। मामला 2021-22 का है, जब कृषि विभाग को योजना के तहत किसानों को चना, मसूर और गेहूं के बीज रकबा […]

You May Like