नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता) सरकार के डिजिटल सार्वजनिक ऑनलाइन बाजार मंच गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) के माध्यम से वित्त वर्ष 2024-25 में सेवा क्षेत्र में 10 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए तथा 1.3 करोड़ से अधिक व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य, जीवन और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवरेज सुनिश्चित किया गया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि यह सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।
मंत्रालय ने कहा है कि जेम पर जनवरी 2022 में बीमा सेवाओं की पेशकश शुरू की गयी। इस श्रेणी का उद्देश्य सरकारी खरीद प्रणाली में बीमा सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और लागत-कुशल बनाना रहा है। जेम पर केवल भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) द्वारा अनुमोदित सेवा प्रदाताओं को सूचीबद्ध किया जाता है जिससे यह एक विश्वसनीय और प्रभावशाली प्लेटफार्म के रूप में स्थापित हो चुका है।
जेम के माध्यम से सरकारी संस्थान अब ग्रुप मेडिक्लेम, टर्म इंश्योरेंस और पर्सनल एक्सीडेंट कवरेज जैसी बीमा सेवाओं को सीधे और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इससे क्रय प्रक्रियाओं में सहजता, प्रीमियम लागत में कमी और समयबद्ध सेवा वितरण संभव हुआ है।
जेम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय भादू ने इस उपलब्धि पर कहा कि जेम अपने प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने और सरकारी खरीदारों के लिए सहज, सुरक्षित और पारदर्शी खरीद प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जेम ने जीवन और स्वास्थ्य बीमा के साथ-साथ अब संपत्ति बीमा, माल परिवहन एवं समुद्री बीमा, देयता बीमा, पशुधन बीमा, मोटर बीमा, फसल बीमा और साइबर बीमा जैसी सेवाओं को भी अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है।
