निजी हितों के लिए कांग्रेस ने किए संविधान में मनमाने संशोधन: लक्ष्मीकांत

भोपाल, 16 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने आरोप लगाते हुए आज कहा कि निजी हितों के लिए कांग्रेस ने संविधान में मनमाने संशोधन किए हैं।

भाजप के यहां स्थित प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश स्तरीय वक्ता कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित एवं महापुरूषों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यशाला में संविधान को नमन कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यशाला को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री वाजपेयी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संबोधित किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री वाजपेयी ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस और विपक्षी दल देश में एक नैरेटिव सेट करने में सफल रहे कि अगर भाजपा लोकसभा में 400 सीटें जीत जाएगी तो संविधान बदल देगी। कांग्रेस और विपक्षी दलों के इस दुष्प्रचार को तथ्यों के साथ जवाब देने की जरूरत अभी भी है। कांग्रेस ने संविधान का किस प्रकार से दुरूपयोग किया है, उसका बड़ा उदाहरण धारा 356 का अनुचित प्रयोग है। कांग्रेस ने केंद्र में सत्ता मे रहते 88 बार धारा 356 का दुरूपयोग कर राज्यों की चुनी गई सरकारों को गिराया है। जबकि ग्यारह साल के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 356 का प्रयोग कर किसी भी सरकार को गिराने का कार्य नहीं किया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब ने जम्मू-कश्मीर मे धारा 370 लागू करने के विरोध में थे। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर देश मे समान नागरिक संहिता लाना चाहते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू इसके विरोध में थे। जवाहरलाल नेहरू ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ विश्वविद्यालय को अल्पसंख्यक का दर्जा देकर वहां अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को रोकने का कार्य किया। कांग्रेस ने शाहबानो केस में उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद अपने वर्ग विशेष के वोट बैंक को बचाए रखने के लिए संविधान संशोधन कर उच्चतम न्यायालय के फैसले को भी निष्प्रभावी बनाने का कार्य किया।

श्री वाजपेयी ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा 1975 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के चुनाव को शून्य घोषित किए जाने पर गद्दी बचाने के लिए कांग्रेस ने संविधान में संशोधन किया। जबकि भाजपा ने जो संविधान संशोधन किए हैं, वह आरक्षण को बढ़ाने के लिए किए हैं या सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आरक्षण की विरोधी रही है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री गौतम ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर विकसित भारत बनाने की मानसिकता के साथ कार्य कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराकर समाज सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों में बार-बार रोकने का प्रयास किया। बाबा साहेब ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सिर्फ दलितों का नेता बताकर उनके कार्यों को समाज में आने से छिपाने का कार्य किया। संविधान दिवस मनाने का कार्य भाजपा ने किया, कांग्रेस ने संविधान को लागू करने के वर्षों बाद तक यह कार्य नहीं किया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर का सबसे ज्यादा अपमान करने का काम अगर किसी ने किया है तो वह देश पर सबसे ज्यादा समय तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस ने संविधान में एक-दो बार नहीं, बल्कि अपनी जरूरतों के हिसाब से अनेकों संशोधन करने का काम किया। अब जब नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट दाखिल हुई, तो ईडी के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। क्या कांग्रेस कानून से बड़ी हो गई है। कांग्रेस का मूल चरित्र ही तुष्टिकरण कर अपना काम निकालने का रहा है।

डाॅ यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। डॉ भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान हमको सौंपा उसके हिसाब से कोई बड़ा नहीं, कोई छोटा नहीं और कोई ऊंचा-नीचा नहीं होता। प्रधानमंत्री श्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि बाबा साहेब का जन्म महू में हुआ। प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों ने अंबेडकर जी के नाम पर कुछ नहीं किया। जब-जब भाजपा की सरकारें बनीं बाबा साहब अंबेडकर को सम्मान देने का काम किया गया।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बाबा साहेब के नाम से सागर में सेंचुरी, कामधेनु योजना और महू में स्मारक बनाने का काम किया है। 14 अप्रैल को सबने मिलकर महू में बाबा साहेब की जयंती मनाई, तब मुझे अहसास हुआ कि बाबा साहेब से प्रेम करने वाले लोग देश-विदेश से बड़ी संख्या में आते हैं, उनके रहने के लिए साढ़े तीन एकड़ में धर्मशाला बनाने का फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में महू को दिल्ली से ट्रेन के माध्यम से जोड़ने का काम किया गया है।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन तंत्र बूथ स्तर तक सक्रियता से कार्य करता है, इसलिए राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा हमें दिए गए इस अभियान को बूथ स्तर पर साकार करना है। पार्टी कार्यकर्ता 25 अप्रैल तक प्रदेश के 65 हजार 14 बूथों पर पहुंचकर तथ्यात्मक मुद्दों पर बात करेंगे। यह अभियान बाबा साहेब की जयंती 14 अप्रैल से प्रदेश भर में प्रारंभ हुआ है। हमें जनता तक पहुंचकर कांग्रेस द्वारा समाज में किए गए दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देना है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया और संविधान के साथ खिलवाड़ करती रही। कांग्रेस ने संविधान में 75 बार से अधिक संशोधन कर उसकी मूलभावना के साथ कुठाराघात किया है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ सिंह ने कहा कि आज से 48 हजार 913 दिन, यानी 1608 महीना तथा 134 वर्ष पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के रूप में महू में दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिन्होंने भारत को संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य किया है। वह इतने बड़े महापुरूष थे कि वे तीन सदियों तक प्रासंगिक हैं और आज विश्व के 120 देशों में उनकी जन्म जयंती मनाई जा रही है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का काम किया। कांग्रेस वक्फ संशोधन बिल का विरोध कर संविधान का अपमान करने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने बाबा साहेब के संविधान की रक्षा और उनके सम्मान को बरकरार रखने का काम लगतार करती आ रही है और हमेशा करती रहेगी।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आर्य ने कहा कि देश में कांग्रेस की दुकान बंद हो चुकी है। कांग्रेस रोज-नए-नए मामलों को उठाकर फिर से दुकान खोलने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश की जनता जागरूक हो गई है। अब कांग्रेस की दुकान का ताला नहीं खुलेगा, क्योंकि कांग्रेस पार्टी झूठ की सबसे बड़ी फैक्ट्री और उसके सहयोगी दल उस फैक्ट्री के अन्य पार्ट हो गए हैं। कांग्रेस ने हमेशा सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ कैलाश जाटव मंचासीन रहे। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, आमंत्रित वक्तागण, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

Next Post

गृह मंत्री अमित शाह नीमच पहुंचे

Wed Apr 16 , 2025
नीमच। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को उदयपुर से बीएसएफ हेलीकॉप्टर से नीमच सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पहुंचें। वे यहां रात्रि विश्राम कर गुरुवार सुबह 8 बजे शाह सीआरपीएफ के परेड ग्राउंड में आयोजित राइजिंग डे परेड में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव […]

You May Like