मुंबई, 31 जुलाई (वार्ता) प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 में 29 अगस्त को विशाखापत्तनम में तेलुगु टाइटन्स और तमिल थलाइवाज के बीच मुकाबले से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी।
इस टूर्नामेंट में 12 टीमें विशाखापत्तनम, जयपुर, चेन्नई और दिल्ली में प्रतिस्पर्धा करेंगी। विशाखापत्तनम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में तेलुगु टाइटन्स और तमिल थलाइवाज के बीच मुकाबले से इस टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। यह सात साल बाद होगा जब इस तटीय शहर में इस टूर्नामेंट की वापसी होगी। दिन के दूसरे मैच में बेंगलुरु बुल्स का सामना पुनेरी पलटन से होगा।
अगले दिन घरेलू टीम तेलुगु टाइटन्स एक बार फिर मैदान पर उतरेगी, इस बार शाम के पहले मैच में यूपी योद्धा के खिलाफ, उसके बाद यू मुंबा का सामना गुजरात जायंट्स से होगा। तीसरे दिन सुपर संडे को तमिल थलाइवाज और यू मुंबा भिड़ेंगे। मौजूदा चैंपियन हरियाणा स्टीलर्स बंगाल वॉरियर्स के खिलाफ अपने खिताब की रक्षा के लिए पहला मैच खेलेंगे।
12 सितंबर से जयपुर के इंडोर हॉल, एसएमएस स्टेडियम में मुकाबला होगा, जहां दो बार की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे, इसके बाद तमिल थलाइवाज का सामना बंगाल वॉरियर्स से होगा।
गुलाबी नगरी पीकेएल की लोककथाओं में एक विशेष स्थान रखती है, क्योंकि 2023-24 में ऐतिहासिक सीजन 10 के दौरान ऐतिहासिक 1000वें पीकेएल मैच की मेजबानी करेगा।
तीसरे चरण में 29 सितंबर को चेन्नई के एसडीएटी मल्टीपर्पस इंडोर स्टेडियम में यूपी योद्धा का सामना गुजरात जायंट्स से होगा, जबकि दबंग दिल्ली के.सी. का सामना हरियाणा स्टीलर्स से भिड़ेंगे।
सीजन 12 का लीग चरण 13 अक्टूबर से दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपने चरम पर पहुँचेगा, जहां पटना पाइरेट्स का सामना हरियाणा स्टीलर्स से, यू मुंबा का सामना यूपी योद्धा से होगा।
प्लेऑफ का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
आगामी सीजन को लेकर प्रो कबड्डी के मशाल बिजनेस प्रमुख और लीग कमिश्नर, अनुपम गोस्वामी ने कहा, “सीजन 12 प्रो कबड्डी लीग के विकास में एक रोमांचक नया अध्याय शुरू कर रहा है। बहु-शहरी प्रारूप के साथ, हम देश भर के प्रशंसकों के लिए शीर्ष स्तरीय कबड्डी एक्शन ला रहे हैं और साथ ही प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों के साथ अपने संबंधों को और गहरा कर रहे हैं। हम विशाखापत्तनम में वापसी को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं, जो लीग को उसके उत्साही प्रशंसकों के और करीब ले जाने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।”
