वाशिंगटन, 31 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि फ़िलिस्तीन को मान्यता देने के कनाडा के फ़ैसले से उसके साथ व्यापार समझौता करना मुश्किल हो जाएगा।
विदित हो कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा था कि कनाडा संयुक्त राष्ट्र महासभा के सितंबर सत्र में फिलिस्तीन को एक राष्ट्र के रूप में मान्यता देने का इरादा रखता है।
श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ पर कहा, “वाह! कनाडा ने अभी घोषणा की है कि वह फिलिस्तीन को राष्ट्र का दर्जा देने का समर्थन कर रहा है। इससे हमारे लिए उनके साथ व्यापार समझौता करना बहुत मुश्किल हो जाएगा। ओह कनाडा!!!”
जुलाई के मध्य में, श्री कार्नी ने कहा था कि इस बात के “बहुत कम प्रमाण” हैं कि अमेरिका के साथ आयात शुल्क पर कोई समझौता हो सकता है। पिछले शुक्रवार को श्री ट्रम्प ने इस वार्ता को लेकर निराशा जाहिर की थी।
उधर कनाडा ने कहा कि अगर फिलिस्तीनी प्राधिकरण चुनाव कराने सहित कुछ बदलाव करने के लिए प्रतिबद्ध होता है, तो वह उसे राष्ट्र के रूप में मान्यता दे देगा। श्री कार्नी ने कहा था फिलिस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने बदलाव लाने का आश्वासन दिया है।
