सिडनी में लीजियोनेयर्स रोग से एक व्यक्ति की मौत, कई बीमार

सिडनी,31 जुलाई (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहरों में से एक सिडनी के उपनगर पॉट्स पॉइंट में लीजियोनेयर्स रोग से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और एक अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सिडनी स्थानीय स्वास्थ्य जिला (एसईएसएलएचडी) ने गुरुवार को बताया कि सिडनी हार्बर ब्रिज और सिडनी ओपेरा हाउस से दो किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित इस उपनगर के सात लोग मई से लीजियोनेयर्स रोग से संक्रमित हो चुके हैं जिनमें एक बुजुर्ग (80) भी शामिल है। बुजुर्ग व्यक्ति जून के अंत में बीमार हुआ था और उसकी मृत्यु हो गई है। शेष छह लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पांच लोगों को छुट्टी दे दी गई है और एक व्यक्ति ठीक हो रहा है।

एसईएसएलएचडी ने कहा कि 45 से 95 वर्ष की आयु के सभी मरीज एक-दूसरे को नहीं जानते थे लेकिन हो सकता है कि वे क्षेत्र में संक्रमण के एक सामान्य स्रोत के संपर्क में आए हों।

लीजियोनेयर्स रोग एक गंभीर प्रकार का निमोनिया है जो लीजियोनेला नामक बैक्टीरिया के कारण होता है। यह रोग पानी या मिट्टी में मौजूद बैक्टीरिया को सांस के जरिए अंदर लेने से फैलता है, खासकर उन लोगों को जो कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले हैं या धूम्रपान करते हैं। जून में एसईएसएलएचडी ने पॉट्स पॉइंट में रहने वाले सभी लोगों को बुखार, ठंड लगना, सांस लेने में तकलीफ और खांसी जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी थी। जिले की जन स्वास्थ्य इकाई की निदेशक विकी शेपर्ड ने आज कहा कि स्वास्थ्य अधिकारी और सिडनी शहर उन सात मरीज़ों द्वारा देखे गए क्षेत्रों में सभी संभावित दूषित जल स्रोतों की जांच और परीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा,“जून में जांच शुरू होने के बाद से ज़िले ने दो बार मकान मालिकों से अपने कूलिंग टावरों को कीटाणु मुक्त करने का अनुरोध किया गया है।”

 

 

Next Post

चुनाव घोटाला मामले में पूर्व राष्ट्रपति यून की गिरफ्तारी का वारंट जारी

Thu Jul 31 , 2025
सोल, 31 जुलाई (वार्ता) दक्षिण कोरिया की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति यून सुक-योल से पूछताछ के लिए उनकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है। उन पर चुनावों में दखलंदाजी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। वकीलों की टीम ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने […]

You May Like