
फसल जलकर राख
शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के चौरी गांव में एक किसान की गेहूं की फसल में आग लग गई। बुधवार दोपहर लगभग एक बजे, जब किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी गेहूं की फसल को गहाई के लिए ले जा रहा था। रास्ते में ट्रॉली में लदी फसल बिजली के तार से टकरा गई। इससे तार टूट गया और शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी से फसल में आग लग गई। आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर से ट्रॉली को अलग करने की कोशिश की। आसपास लगे बोरवेल से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल वाहन को भी सूचना दी , लेकिन जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई। थाना प्रभारी डीके दहिया ने बताया कि घटना की सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, किसान की पूरी फसल जल गई है, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ है।
