
ईडी की चार्जशीट से खफा कांग्रेसी सड़क पर उतरे, कलेक्ट्रेट घेरा
जबलपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस ओवरसीज चीफ सैम पित्रोदा के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अभियोजन शिकायत दर्ज की है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल के बाद जबलपुर में भी कांग्रेसी प्रदर्शन करने सड़क पर उतर गए। ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने से खफा कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट तक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा के इशारे पर चार्जशीट दाखिल की गई है।
सौरभ नाटी शर्मा (अध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटी) ने कहा कि भाजपा द्वारा लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का यह प्रयास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता। गांधी परिवार ने देश के लिए जो त्याग दिए हैं, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। डॉ. निलेश जैन (अध्यक्ष, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी) ने कहा कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी दृढ़ता के साथ इसके खिलाफ संघर्ष करेंगे। विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि यह चार्जशीट राजनीतिक परिदृश्य को विकृत करने की एक कोशिश है। कांग्रेसजनों ने हर दौर में सत्य का साथ दिया है और आगे भी देते रहेंगे।
प्रदर्शन में शहर व ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेसजनों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा जनभावनाओं को मुखर किया। अंत में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल द्वारा राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें चार्जशीट तत्काल निरस्त करने की मांग की गई।
