मुंबई, 17 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून के एक प्रतियोगी को बड़ा सपना देखने की सलाह दी है। मुंबई जैसे शहर में, जिसे अक्सर मायानगरी कहा जाता है, अपना घर होना कई बार एक दूर का सपना लगता है।अक्षय कुमार ने इसी शहर में अपनी मेहनत से पहचान बनाई है। अक्षय कुमार ने शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून के एक प्रतियोगी को कुछ ऐसे अनमोल शब्द दिए कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। एक एपिसोड के दौरान अक्षय कुमार की बातचीत एक प्रतियोगी निखिल से हुई, जिसका इस शहर में घर खरीदने का साधारण सा सपना है।
निखिल से जब पूछा गया कि वे कितना कमाना चाहते हैं, तो उन्होंने बिना झिझक अपने जवाब को अपनी जीवनभर की इच्छा से जोड़ दिया। उन्होंने कहा,“अभी हम शुरू से ही किराए पर रह रहे हैं… तो मुंबई में अपना एक घर होना चाहिए,” अक्षय कुमार ने प्रतियोगी से कहा“बड़ा सपना देखो। छोटे घर का सपना मत देखो,” जब निखिल ने कहा कि यदि वे एक करोड़ जीतते हैं, तो सबसे पहले घर खरीदेंगे, तब भी अक्षय ने उन्हें और बड़ा सोचने के लिए प्रेरित किया। अक्षय कुमार ने अपने जीवन की एक झलक साझा की। उन्होंने अपनी मां की सीख को याद किया, जो उन्होंने उन्हें दी थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पहली बार घर खरीदने के बारे में सोचा था, तो उन्होंने एक साधारण दो बेडरूम फ्लैट का सपना देखा था। लेकिन उनकी मां ने उन्हें छोटा सोचने से मना कर दिया।“बेटा, बड़ा सपना देखो।”

