सिमरोल क्षेत्र के घोसीखेड़ा गांव में हादसा, ग्रामीणों का आरोप नशे में था कार चालक
इंदौर : सिमरोल थाना क्षेत्र के ग्राम घोसीखेड़ा में सोमवार रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक पिता और उसकी एक साल की मासूम बेटी की जान चली गई। हादसे के पीछे नशे में धुत तेज रफ्तार कार चालक की लापरवाही बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय अज्जू उर्फ अहमद शेख अपनी मासूम बेटी मरियम को गोद में लेकर घर के बाहर बैठे थे।
रात करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। मरियम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अज्जू को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा मोहल्ला बाहर निकल आया। लोगों ने देखा कि बेटी कुछ दूरी पर गिरी पड़ी थी और पिता गंभीर रूप से घायल थे।
स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया और कार का पीछा किया, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि कार इंदौर रजिस्टर्ड है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया कि अज्जू किसानी करते थे। उनका परिवार ग्राम घोसीखेड़ा में रहता है, जबकि इंदौर के चंदन नगर में भी उनका मकान है। उनकी बेटी मरियम परिवार की सबसे छोटी संतान थी। गांव में शोक का माहौल हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
