गुना: शहर से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित बेंहटा झिर गांव में कुआ निर्माण कार्य में जुटे 15 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक टिमरनी का रहने वाला है और मजदूरी करने के लिए आया था। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्राम टिमरनी निवासी 15 वर्षीय किशोर कृष्णा काजले पुत्र सुखराम आदिवासी अपने कुछ साथियों के साथ मजदूरी के सिलसिले में गुना आया था।
इन आदिवासी मजदूरों को ग्राम बेंहटा झिर में कुआ खुदाई करने का काम मिला था। बताया जा रहा है कि कुएं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था। कृष्णा एक मशीन की मदद से कुएं से बाहर निकल रहा था, तभी मशीन की टोचन टूट गई और झटके के साथ कृष्णा काजले नीचे गिरते हुए कुएं की दीवार से टकरा गया। घटना में कृष्णा लहुलुहान हो गया था, उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद जिला अस्पताल में कृष्णा काजले के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। गंभीर बात यह है कि कुएं बनाने वाले ठेकेदार और मालिक द्वारा एक नाबालिग मजदूर से जोखिम भरा काम करवाया जा रहा था। जबकि व्यस्क मजदूर कुएं के ऊपर बैठे हुए थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बैतूल निवासी कृष्णा के परिजनों को हादसे की सूचना भेज दी है।
