इंदौर:अक्सर देखने में आया है कि जब भी शहर में कोई विकास कार्य आरंभ होते हैं, आम जनता की मुसीबतें बढ़ जाती हैं. जबकि नगर निगम द्वारा आम जनता की सुविधाओं के लिए विकास कार्य के दौरान विकल्प देना चाहिए.खजराना क्षेत्र में कई वार्ड लगते हैं, जिनमें वार्ड 38 भी मौजूद है. इसी वार्ड के सिकंदराबाद कॉलोनी से एक मामला सामने आया है. वार्ड में पहुंचते ही देखने में आया है कि घरों के बाहर पानी की केन, कुप्पी व अन्य बर्तन रखे हुए हैं और लोग पानी के टैंकर का इंतजार कर रहे हैं.
पूछने पर मालूम हुआ कि वार्ड के मुख्य रोड पर सडक¸ चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है और इस कार्य के दौरान नर्मदा लाइन काट दी गई है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई ठप हो चुकी है. वहीं, सिकंदराबाद कॉलोनी में भी पिछले एक महीने से नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिसके चलते क्षेत्र में पानी की किल्लत बढ़ चुकी है और लोग परेशान हैं.
पानी जैसी अपनी मूलभूत जरूरत को पूरा करने के लिए दूसरे क्षेत्रों में दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. हालांकि, क्षेत्र में नगर निगम द्वारा पानी का टैंकर तो पहुंच रहा है, लेकिन छोटा टैंकर होने के कारण लोगों की पानी की पूर्ति नहीं हो पाती. इतना ही नहीं, एक टैंकर दो-तीन दिन छोडक¸र पहुंच रहा है. इससे लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
यह बोले रहवासी
क्षेत्र में पानी की किल्लत बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है. टैंकर वाले भी घपला कर रहे हैं. कहते हैं कि निजी टैंकर है, पार्षद को फोन लगाने पर पता चलता है कि वह सरकारी है.
– चांद बी
पानी की परेशानी उठाते हुए लोगों को महीना होने को आ गया है. अब जब तक काम खत्म नहीं होता, सभी लोगों को पानी को लेकर परेशानी उठानी पड़ेगी. लोगों की सुविधाओं के लिए निगम को दूसरा उपाय करना चाहिए.
– आमना बी
पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ता है. टैंकर वाले को फोन लगाओ तो चार से पांच दिन में आता है, जिससे पूरे बर्तन ही नहीं भर पाते हैं, ऐसे में पानी की पूर्ति नहीं हो पाती.
– शाहीन बी
जल्द ही शुरू कर दी जाएगी पानी सप्लाई
पानी की ट्रंक लाइन बार-बार धंसने से पानी की सप्लाई कई क्षेत्रों में बंद है. अधिकारियों से बात की गई है, उन्होंने लाइन सीमेंट कंक्रीट से निर्माण की है, जल्द ही पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी.
– उस्मान पटेल, पार्षद
