जबलपुर: मदनमहल थाना परिसर में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में स्वयं पर पेट्रोल छिडक़ लिया हालांकि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने महिला को समय रहते सुरक्षित बचा लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। दरअसल मदनमहल पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया था जिसे छुड़ाने के लिए उसके परिचित की महिला थाने पहुंची थी जब उसे पता चला कि आरोपी को जेल भेज दिया है। तब उसने पुलिस की इस कार्रवाई पर विरोध दर्ज कराया और आत्महत्या का प्रयास किया ।
क्या है मामला
मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक, नवम्बर 25 गढ़ा निवासी मोनू ठाकुर पर पुरानी रंजिश को लेकर क्षेत्र के ही लकी मरावी, प्रिंस और अमित ने चाकू से हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। प्रकरण के दो आरोपी प्रिंस और अमित पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि आरोपी लकी मरावी फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हंगामा
शनिवार को पुलिस ने फरार आरोपी लकी मरावी को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। लकी के जेल जाते ही उसकी परिचित महिला जयंती मरावी रात करीब 7:40 बजे मदनमहल थाने पहुंची और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिला को जब पता चला कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है तो उसने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस कर्मियों ने सुरक्षित बचाया
महिला का आरोप था कि लकी मरावी चाकूबाजी में शामिल नहीं था और उसे गलत तरीके से फंसाया गया है। हंगामे के दौरान महिला ने उग्र होते हुए आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। पेट्रोल छिडक़ लिया। वहां तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और महिला को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने इसके बाद महिला की काउंसलिंग की और उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित घर रवाना किया। इस घटना के दौरान थाना परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा
