रीवा: रीवा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य लगभग पूरा हो रहा है. अब केवल अनमैप्ड मतदाता तथा छूटे हुए मतदाताओं का सत्यापन शेष है. निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में गणना पत्रक डिजिटाइजेशन की समय सीमा 11 दिसम्बर तक बढ़ा दी गई है. जिले में 3 दिसम्बर को शाम 4 बजे तक 1385979 मतदाताओं के गणना पत्रक डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं.
जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 1390667 है. सिरमौर, सेमरिया, त्योंथर और गुढ़ विधानसभा क्षेत्रों में सौ प्रतिशत गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन कर लिया गया है. रीवा और मनगवां विधानसभा क्षेत्रों में भी डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा होने के करीब है. इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि अब तक जिले में कुल 99.66 प्रतिशत डिजिटाइजेशन किया जा चुका है.
चार विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो गया है. विधानसभा क्षेत्र रीवा और मनगवां भी पूरा होने के करीब हैं. विधानसभा क्षेत्र मनगवां में 99.63 प्रतिशत तथा विधानसभा क्षेत्र रीवा में 98.33 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो गया है. कलेक्टर ने सभी एआरओ को निर्देश देते हुए कहा है कि जिन मतदान केन्द्रों मं9 सौ प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो गया है उनके बीएलओ को बुलाकर अनमैप मतदाताओं का सत्यापन कराएं. अनमैप्ड, शिफ्टेड मतदाताओं पर ध्यान केन्द्रित करें.
