‘द अलायंस’ के पहले एपिसोड में गौहर खान के पति जैद दरबार और उनके एक्स बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन पहली बार आमने-सामने आए। मुलाकात से पहले जैद नर्वस थे।
प्राइम वीडियो के नए रियलिटी शो ‘द अलायंस’ का पहला एपिसोड दर्शकों के लिए जबरदस्त सरप्राइज लेकर आया। शो की शुरुआत से पहले ही एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पहली बार किसी रियलिटी शो में अभिनेत्री गौहर खान के पति जैद दरबार और उनके एक्स बॉयफ्रेंड कुशाल टंडन आमने-सामने नजर आए।
जैद दरबार और कुशाल टंडन की मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही काफी चर्चा थी, लेकिन जब दोनों आमने-सामने आए तो माहौल उम्मीद से बिल्कुल अलग रहा। शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए जैद दरबार ने स्वीकार किया कि कुशाल टंडन से मिलने से पहले वह काफी नर्वस थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि पहली मुलाकात कैसी होगी और दोनों का रिएक्शन कैसा रहेगा।
गले लगकर सारी अटकलों पर लगाया विराम
हालांकि जैसे ही कुशाल ने घर में एंट्री की, दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का स्वागत किया और गले लगकर सारी अटकलों पर विराम लगा दिया। कन्फेशन रूम में जैद दरबार ने इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं बहुत नर्वस था। मेरे दिमाग में लगातार यही चल रहा था कि क्या होगा, कौन कैसे रिएक्ट करेगा। लेकिन मुलाकात बहुत अच्छी रही और सब कुछ सामान्य रहा।
डेजी शाह ने दी अपनी प्रतिक्रिया
वहीं अभिनेत्री डेजी शाह ने भी इस मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि शायद दोनों के बीच थोड़ा तनाव या टकराव देखने को मिलेगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। दोनों ने बेहद शालीनता और सम्मान के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया। कुशाल टंडन ने भी जैद दरबार के बारे में पॉजिटिव बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जैद बहुत ही जेंटल इंसान हैं। मैं उनके इमोशन्स समझ सकता हूं। हमारी मुलाकात बिल्कुल सामान्य रही।
गौहर खान और कुशाल टंडन की लव स्टोरी
बता दें कि गौहर खान और कुशाल टंडन ने ‘बिग बॉस 7’ के दौरान एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों का रिश्ता काफी चर्चा में रहा, लेकिन साल 2016 में उनका ब्रेकअप हो गया। इसके बाद दिसंबर 2020 में गौहर खान ने मशहूर कोरियोग्राफर इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार से शादी कर ली। ‘द अलायंस’ के पहले एपिसोड में जैद और कुशाल की यह मुलाकात दर्शकों के लिए सबसे यादगार पल बन गई।
