सीहोर। शहर के सीटू नाले का कायाकल्प आरंभ हो गया है. करीब चार करोड़ रुपए की लागत से इंग्लिशपुरा से दूल्हा बादशाह तक डेढ़ किमी दायरे में नाले का कायाकल्प किया जा रहा है. इसमें रिटर्ननिंग वॉल बनाने के साथ ही बीच में स्टॉप डैम के अलावा अन्य काम होगा.
मंगलवार को नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के मार्गदर्शन में नपा के अमले ने गहरीकरण सहित अन्य कार्य शुरू कर दिया है. करोड़ों रुपए की इस योजना से सीटू नाले का सौंदर्यकरण का कार्य पूरा किया जाएगा. जिससे आगामी दिनों में इसकी सूरत बदल जाएगी. रिटर्ननिंग वाल के अलावा फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा. नाले के साइड नाली भी बनाई जाएगी, जिससे कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाले में नहीं मिले. इसकी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है और यदि सब कुछ ठीक रहा तो सीद नाले की सूरत बदल जाएगी. इंग्लिशपुरा से दूल्हा बादशाह तक कायाकल्प कर सौदर्यकरण किया जाएगा.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर की इस मुहिम का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है. शहर के बीच से सीवन नदी और सीटू नाला गुजरता है. इन दोनों में ही सिर्फ बारिश के समय पानी बहता है. बाकी समय नदी-नाले में पानी ठहरा रहता है, लेकिन बारिश के समय ही ये दोनों इतनी तबाही मचाते हैं कि लोगों को करोड़ों का नुकसान हो जाता है. यूं कहें कि सीवन नदी से बहुत कम बल्कि सीटू नाले से ही ज्यादा नुकसान होता है. इसको ध्यान में रखते हुए नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इसका काम शुरू करा दिया है. इसका समतलीकरण, गहरीकरण और सफाई का काम चल रहा है.
