
उमरिया। कांग्रेस पार्टी के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष इंजीनियर विजय कोल का मानपुर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। नगर के सिकुड़ी मोड़ पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों, डीजे और पटाखों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं ने जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस के नारों के बीच विशाल बाइक रैली निकाली, जो बस स्टैंड और मुख्य बाजार से होती हुई गौतमान टोला स्थित हनुमान मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि उमरिया जिले के राजनीतिक इतिहास में पहली बार कांग्रेस ने किसी युवा आदिवासी नेता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी संगठन ने यह निर्णय संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से लिया है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शारदा प्रसाद गौतम, सह प्रभारी नीरज सिंह बघेल, ओमकार सिंह बबलू, जानकी मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू सिंह, कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
