
श्योपुर। कूनो अभयारण्य के समीप सामान्य वन मंडल के बफर जोन में आरोदा गांव के पास तेंदुए के हमले में एक बालक की मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन और पुलिस के अधिकारियों को घेर लिया। मुआवजे की मांग करने लगे। जानकारी के अनुसार दस वर्षीय बालक लाला आदिवासी अपने पिता मंगल के साथ भैंस चरा रहा था। बालक पर अचानक तेंदुए ने बालक की गर्दन पर हमला बोल दिया। पिता ने शोर मचाया तो तेंदुआ भाग गया, लेकिन खून बह जाने से थोड़ी ही देर में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर विजयपुर के रेंज अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर बालक के शव को देखा। सूचना मिलने पर सामान्य वन मंडल के डीएफओ करण सिंह रंधावा भी घटनास्थल पहुंचे। डीएफओ रंधावा ने घटना की पुष्टि की है।
रंधावा का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या लग रहा है कि तेंदुए के हमले में ही बालक की जान गई है। उन्होंने बताया कि मौके पर अतिरिक्त वन कर्मियों को भी भेजा गया है। तेंदुए की तलाश की जा रही है। तेंदुए के हमले में मारे जाने के बाद पूर्व वन मंत्री और विजयपुर के पूर्व विधायक रामनिवास रावत ने भी फोन पर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। बालक की मृत्यु पर सरकार से उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
