मौत से पहले भाई को भेजा मैसेज, दो लोगों पर लगाया जिम्मेदार ठहराने का आरोप
इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक युवक ने आर्थिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। मृतक ने फांसी लगाने से पहले अपने छोटे भाई को एक व्हाट्सएप मैसेज भेजा, जिसमें उसने दो सहकर्मियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया। युवक की कुछ ही दिन पहले सगाई हुई थी और अगले माह विवाह होने वाला था।
मूल रूप से सागर जिले के रहने वाले 25 वर्षीय अजय पिता राजकुमार, इंदौर में अपने भाई के साथ सिंगापुर टाउनशिप इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। वह लसूड़िया क्षेत्र में एक बोर्ड निर्माण कंपनी में काम करता था। शुक्रवार शाम उसने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी लगाने से पहले अजय ने अपने छोटे भाई को व्हाट्सएप पर एक भावुक संदेश भेजा, जिसमें माता-पिता का ख्याल रखने की बात कही और माफी मांगी। संदेश में उसने यह भी उल्लेख किया कि उसने कंपनी में काम करने वाले सुनील और जीवन को 3 लाख 60 हजार रुपये उधार दिए थे.
जो तीन साल से वापस नहीं किए गए। इसी कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था और उसे आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा। मैसेज पढ़ने के बाद उसका भाई तत्काल घर पहुंचा, जहां अजय फंदे पर लटका मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सगाई के 10 दिन बाद ही टूट गया रिश्ता जीवन से
अजय की 2 अप्रैल को ही सगाई हुई थी और एक माह बाद शादी प्रस्तावित थी। विवाह की तैयारियों के चलते माता-पिता गांव गए हुए थे। इस बीच अजय की यह दुखद मौत पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो गई है।
