नयी दिल्ली (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने फिटनेस और साइबर जागरूकता के गठजोड़ के साथ पहले पीएनबी हाफ मैराथन 2025 का आयोजन किया, जिसमें विजेताओं को 15 लाख रुपये के पुरस्कार दिये गये।
बैंक ने यहां बताया कि राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मैराथन का औपचारिक शुभारंभ वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम नागराजू , पीएनबी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्र , पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस एमडी एवं सीईओ समीर बंसल और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ गिरीश कौसगी ने किया।
इस मौके पर श्री नागराजू ने साइबर अपराध के बारे में जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय प्रयासों के लिए पीएनबी की सराहना की।
श्री चंद्र ने कहा, “पीएनबी जब राष्ट्र को अपनी निरंतर सेवा के 131 वर्ष पूर्ण कर रहा है तब ‘साइबर रन’ वित्तीय कल्याण और डिजिटल सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। एक सुरक्षित डिजिटल इकोसिस्टम भारत के विकास गाथा की रीढ़ है और पीएनबी को गर्व है कि वह जागरूकता, नवाचार और सामुदायिक जुड़ाव के माध्यम से इस राह का नेतृत्व कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि पीएनबी हाफ मैराथन 2025 ‘ साइबर रन ’ ने न केवल फिटनेस का उत्सव मनाया बल्कि पीएनबी के भरोसे और परिवर्तन की विरासत को भी फैलाया, जो आज के डिजिटल युग में हर भारतीय के लिए महत्वपूर्ण इस विषय पर सभी को एकजुट करता है। इस अनूठी पहल ने नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग प्रथाओं पर शिक्षित करने के लिए एक मंच प्रदान करने का भी कार्य किया है, जो अपने डिजिटल चैनलों और अभियान के माध्यम से साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के पीएनबी के प्रयासों पर प्रकाश डालता है। कार्यक्रम स्थल पर समर्पित सूचना क्षेत्रों, इंटरैक्टिव बूथों, आकर्षक ‘नुक्कड़ नाटकों’ और एक प्रश्नोत्तरी सत्र ने सुरक्षित बैंकिंग, धोखाधड़ी की रोकथाम और डिजिटल स्वच्छता पर बहुमूल्य सुझाव दिए।
13800 से अधिक धावकों ने तीन श्रेणियोें 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन (2600 धावक), 10 किलोमीटर एनर्जेटिक (5850 धावक), और 5 किलोमीटर फन-फील्ड (5350 धावक) में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो साइबर सुरक्षा जागरूकता और एक डिजिटल रूप से समावेशी सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में एक साझा कदम का प्रतीक है। 21.1 किलोमीटर दौड़ में महिलाओं की श्रेणी में 2,00,000 रुपये का शीर्ष पुरस्कार प्राप्त कर उजाला विजेता बनीं, इसके बाद 1,50,000 रुपये प्राप्त कर रेनू सिंह पहली उपविजेता और 1,00,000 रुपये के पुरस्कार के साथ सोनिका बनी दूसरी उप विजेता। पुरुषों की श्रेणी में, हेमंत सिंह ने 2,00,000 रुपये का पुरस्कार प्राप्त कर विजेता का खिताब जीता। उनके बाद हरीश शेरोआन रहे, जिन्होंने 1,50,000 रुपसे के साथ पहला उप विजेता तथा बानी सिंह ने 1,00,000 रुपये के पुरस्कार के साथ दूसरे उप विजेता बने। एर्जेटिक 10 किलोमीटर दौड़ में, महिलाओं की श्रेणी में 2,00,000 का शीर्ष पुरस्कार प्राप्त कर नीता रानी शीर्ष पर रहीं, जिसके बाद 1,50,000 रुपये प्राप्त कर तामसी सिंह पहली और 1,00,000 रुपसे प्राप्त कर अनीता सिंह दूसरी उप विजेता रहीं। पुरुषों की श्रेणी में, 2,00,000 रुपसे का पुरस्कार प्राप्त कर गौरव विजेता बने। एक लाख रुपये के बलराम पहले और 1,00,000 रुपये के साथ सावन दूसरे उप विजेता रहे।
