सवाई माधोपुर (वार्ता) राजस्थान में बाघों के संरक्षण की दिशा में वैश्विक स्तर पर इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिये देश-विदेश के वन्यजीव विशेषज्ञ 11 से 13 अप्रैल तक ‘बाघों की नगरी’ सवाई माधोपुर में जुटेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ‘लिव फोर फ्रीडम’ द्वारा आमाघाटी वाइल्डलाइफ रिसॉर्ट, रणथंभौर में अंतरराष्ट्रीय बाघ सप्ताह (आईटीडब्ल्यू) का आयोजन किया जायेगा जिसकी अध्यक्षता राजस्थान के कृषि, बागवानी एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम के तहत सात प्रमुख चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें वन्यजीव एवं बाघ संरक्षण विशेषज्ञ, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, बाघ आबादी वाले देशों के राजनयिक, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और लेखक अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन में वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर गहन चर्चा की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि इस दौरान बाघ संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के विशेष आकर्षणों में ऑस्कर नामित फिल्म निर्माता सुब्बैया नल्लामुथु के बाघों पर आधारित वृत्तचित्र का विशेष प्रदर्शन और रोमांचक वन्यजीवन सफारी शामिल हैं। दूसरे दिन की शुरुआत रोमांचक मॉर्निंग सफारी और विभिन्न महत्त्वपूर्ण सत्रों से होगी।
