
नलखेड़ा।भीषण गर्मी से आमजन परेशान हो रहे हैं. दोपहर 12 बजे बाद से ही गर्म हवाएं चलने लग गई हैं. जिससे बचने के जतन नागरिक करते दिखाई दे रहे हैं. बुधवार को पारा 42 डिग्री के पार हो चुका था. अप्रैल माह में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है. पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है.
गर्मी के कारण आमजन परेशान होने लगे हैं. आलम यह है कि दोपहर से ही गर्म हवाएं चलना प्रारम्भ हो रही हैं, जिनसे बचने के लिए नागरिक घरों से बाहर निकलने पर अपना चेहरा दुपट्टे से पूरी तरह ढंक कर निकल रहे हैं. दोपहर मे बाजार में व सडक़ों पर सन्नाटा पसर जाता है. बहुत ही जरूरी कार्य के लिए ही इस दौरान नागरिक बाहर निकल रहे हैं. अप्रेल माह में ही गर्मी व धूप से बढ़े तापमान के कारण डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है. ऐसे में चिकित्सक उन्हें इलाज के साथ ही गर्मी में कई तरह बचाव की हिदायत दे रहे हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर उम्र के लोग इसकी जद में आ रहे हैं. कम पानी पीने को इस समस्या का मुख्य कारण माना जा रहा है. चिकित्सालय की ओपीडी में अभी बढ़ोतरी होने लगी है. खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच सावधानियां बरतें और खानपान का ध्यान रखा जाए. इन मरीजों में प्यास ज्यादा लगना, मुंह सूखना, ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव, सिरदर्द, कमजोरी महसूस होना और चक्कर आना जैसे लक्षण देखे जा रहे है. कुछ बुखार, एलर्जी और संक्रामक रोगों के भी लक्षण हैं. चिकित्सकों का कहना है कि डिहाइड्रेशन होने पर ब्लड प्रेशर की समस्या हो जाती है, जिससे मरीज चक्कर खाकर गिर सकते हैं. ऐसी स्थिति में उन्हें इलेक्ट्रोलाइट देने की जरूरत होती है।
