
शाजापुर।ग्राम भिलवाडिय़ा स्थित रुचि सोया प्लांट में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में बारदान नहीं मिलने से गुस्साए किसानों ने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर चक्काजाम कर दिया. गुस्साए किसानों ने यहां काफी देर तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि वे शनिवार से खरीदी केंद्र पर अनाज तुलवाने का इंतजार कर रहे हैं. बारदान की आपूर्ति रुक जाने के कारण उनका अनाज नहीं तुल पा रहा है. इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगभग हर किसान के साथ यह स्थिति बन रही है. लू के थपेड़ों और 40 डिग्री तापमान के बीच किसान अपनी उपज तुलवाने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं. लेकिन उन्हें बारदान उपलब्ध नहीं होने के कारण तुलाई कार्य नहीं हो पा रहा है. इसी कारण मंगलवार को किसानों को गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एनएच-52 पर चक्काजाम कर दिया. यहां किसानों ने बारदान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
15 मिनट तक जाम रहा हाईवे
बारदान की अनुपलब्धता के कारण गुस्साए किसानों ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 15 मिनट तक चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया. किसानों के हाईवे पर ट्रेक्टर ट्रॉली खड़े कर प्रदर्शन किया. इसके कारण हाईवे पर शाजापुर और सारंगपुर की तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
बारदान उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन…
जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम और सुनेरा थाना प्रभारी भरत किरार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत किया. साथ ही जल्द बारदान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम खत्म हुआ और यातायात सामान्य हो पाया.
इनका कहना है
बारदान नहीं मिलने के कारण किसान नाराज थे. जो समझाइश के बाद मान गए. किसानों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा.
नाहिद अंजुम, नायब तहसीलदार, शाजापुर
