शादी के एक महीने बाद युवक ने की आत्महत्या

होटल संचालक ने भी फंदा लगाया
इंदौर: शहर में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एक मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है, जहां शादी के महज एक महीने बाद युवक ने खुदकुशी कर ली, वहीं दूसरा मामला मुसाखेड़ी का है, जिसमें एक होटल संचालक ने जान दे दी. दोनों ही मामलों में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.

लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर में रहने वाले 25 वर्षीय आकाश चौहान ने रविवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह उसकी मां ने कमरे का दरवाजा खोला तो आकाश फंदे पर लटका मिला. परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आकाश की एक माह पहले ही देवकन्या नामक युवती से शादी हुई थी, शादी के बाद वह सिर्फ दो दिन ही अपनी नौकरी पर गया था.

आकाश पेट्रोल पंप पर काम करता था लेकिन मैनेजर से विवाद के चलते उसने नौकरी छोड़ दी थी. उसने शादी के लिए एडवांस में कुछ रुपए भी लिए थे, जिसे लेकर उस पर मैनेजर का दबाव बना हुआ था. परिजन का कहना है कि वह मानसिक रूप से तनाव में था. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. इसी तरह की एक अन्य घटना में मुसाखेड़ी क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय राकेश सोलंकी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

राकेश अनाज मंडी के पास होटल संचालित करता था. दोपहर में पिता देवी सिंह घर पर पानी भरने आए तो राकेश सो रहा था. शाम को लौटने पर उन्होंने राकेश को फंदे पर लटका पाया. राकेश अविवाहित था और घटना के समय उसकी मां रिश्तेदार के यहां गई हुई थी. आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आत्महत्या के मामले की जांच शुरु की.

Next Post

सूने घरों में लाखों की चोरी

Tue Apr 8 , 2025
जबलपुर: गोराबाजार में चोरों ने दो सूने घर में धावा बोलते हुए सोने चांदी के जेवरात ,नगदी रूपए समेत लाखों रूपए का माल पार कर दिया।पुलिस के मुताबिक नितिन कुमार मलिक 45 वर्ष निवासी मां नर्मदा होम्स कजरवारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पीएनबी हाउसिंग फायनेंस कम्पनी में जॉब […]

You May Like