ग्वालियर:मिशन लाइफ को संबंधित विभागों के अधिकारी गंभीरता से लें। यह अभियान प्रधानमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए इसमें कोई ढ़िलाई न हो। सभी विभाग मिशन लाइफ की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें और उसे क्रियान्वित करने के लिये कैलेण्डर भी निर्धारित करें। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कही। उन्होंने ग्वालियर की दीर्घकालिक पेयजल व्यवस्था के लिये मूर्तरूप लेने जा रही चंबल प्रोजेक्ट में पाइप लाईन बिछाने का काम शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी बैठक में दिए। बैठक में महत्वपूर्ण चंबल प्रोजेक्ट, रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, एलीवेटेड रोड, निर्माणाधीन सड़कें व विकास कार्यों सहित केन्द्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
बैठक में सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किया गया मिशन लाइफ अभियान जलवायु परिवर्तन के गंभीर दुष्परिणामों से न केवल पर्यावरण और लोगों की जिंदगी बचाने पर केन्द्रित है, बल्कि इसका सीधा संबंध आर्थिक प्रगति से भी है। इसलिये सभी संबंधित विभाग विस्तृत कार्ययोजना बनाकर मिशन की गतिविधियों को धरातल पर लाएं।
उन्होंने कहा इस मिशन में ऊर्जा व जल का संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करना, ई-वेस्ट व अन्य कचरे में कमी लाना, टिकाऊ खाद्य व्यवस्था एवं स्वस्थ जीवन शैली शामिल है। सांसद कुशवाह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन के तहत प्रोजेक्ट तैयार करें। बैठक में विधायक मोहन सिंह राठौर ने भी जिले के ग्रामीण अंचल के विकास एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में सांसद ने जोर देकर कहा कि वन विभाग की एनओसी न मिलने की वजह से विकास कार्य प्रभावित न हों। इसके लिये सभी संबंधित विभाग एवं वन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करें और एनओसी की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने रेलवे स्टेशन जीर्णोद्धार कार्य की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट के सभी काम डीपीआर के अनुसार कराए जाएं। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर बनाए गए पुल की सीढ़ियों की चैड़ाई कम होने की ओर ध्यान आकर्षित किया। साथ ही निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्यों में श्रमिकों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर व भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार व वन मंडलाधिकारी अंकित पाण्डेय मौजूद थे।
