भोपाल। शहर के एकतापुरी क्षेत्र में नई शराब की दुकान खुलने पर स्थानीय महिलाएं इसका जमकर विरोध कर रही हैं. क्षेत्र में सुरक्षा का ख्याल रखते हुए महिलाएं इसके विरोध में खड़ी हैं. प्रदर्शन कर रही महिलाओं को मंत्री विश्वास सारंग और पुलिस प्रशासन ने आश्वास्न दिया है कि जल्द ही दुकानें हटा दी जाएंगी. जानकारी के अनुसार क्षेत्र के भागवत ग्राउंड के पास एकतापुरी में नई शराब की दुकान खोली गई है. जिसके विरोध में पिछले 3 दिनों से क्षेत्रीय रहवासी धरना दे रहे हैं. इस मौके पर पुलिस बल भी भारी संख्या में घटनास्थल पर मौजूद है. शराब की दुकान हटाने का आश्वासन रहवासियों को दिया जा रहा है. महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान जब तक यहां से नहीं हटती है तब तक वे भी धरना स्थल से नहीं हटेंगी. पिछले 3 दिनों से धरना दिया जा रहा हैं. जिसमें महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी शामिल है.
एसडीएम और आबकारी अधिकारी ने किया दौरा
प्रदर्शन कर रही महिलाओं द्वारा बताया गया है कि इस संबंध में कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से भी चर्चा की गई है. हालांकि मंत्री सारंग ने दुकान हटाने के लिए दो दिन का समय दिया है. उधर एसडीएम और आबकारी विभाग ने भी मौके का मुआयना कर दुकान हटाने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिर भी दुकान पर शराब बिक्री जारी है और असामाजिक तत्वों का वहां पर डेरा जमा हुआ है. रहवासियों ने प्रशासन को अल्टीमैटम दिया है कि यदि शांतिपूर्ण ढंग से शराब की नई दुकान नहीं हटी तो फिर उग्र प्रदर्शन करेंगे.
एकतापुरी क्षेत्र में शराब की दुकान का महिलाओं ने किया विरोध
