दंतेवाड़ा 05 अप्रैल (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शनिवार को बस्तर पंडुम के समापन समारोह के लिए ग्रामीणों को ला रही पिकअप पलट गई जिससे 30 लोग घायल हो गए है। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना जिले के कुआकोंडा थानाक्षेत्र के पालनार की घटना है। बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण का हाथ कट कर अलग हो गया है। सभी ग्रामीणों को मौके से निकालकर जिला अस्पताल लाया गया है।
जानकारी के मुताबिक ये सभी ग्रामीण दंतेवाड़ा जिले के नक्सल प्रभावती इलाके पोटली के रहने वाले हैं। हाई स्कूल मैदान में आज बस्तर पंडुम का कार्यक्रम है और इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिरकत करने पहुंच रहे हैं।
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इन सभी ग्रामीणों को पिकअप के माध्यम से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय लाया जा रहा था। इसी बीच पालनार के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद उस इलाके में मौजूद लोगों ने निजी वाहनों के माध्यम से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ लोगों का कुआकोंडा में इलाज चल रहा है।
