राहुल के नामांकन जुलूस का नेतृत्व करेंगी बहन प्रियंका

रायबरेली 03 मई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने के लिये अपनी मां और पूर्व सांसद सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ रायबरेली पहुंच गये हैं।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि श्री गांधी का नामांकन जुलूस दोपहर करीब डेढ़ बजे कांग्रेस के जिला कार्यालय से शुरु होगा और डिग्री कॉलेज चौराहे तक जायेगा। नामांकन जुलूस का नेतृत्व उनकी बहन एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। श्री गांधी कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, श्रीमती सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान ने आज सुबह रायबरेली से श्री राहुल गांधी और अमेठी से श्री किशोरीलाल शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है।

इससे पहले अमेठी से श्री राहुल गांधी और रायबरेली से श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव मैदान में उतरने के कयास लगाये जा रहे थे। उल्लेखनीय है कि रायबरेली की सांसद रही श्रीमती सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से राज्य सभा जाते हुए यहां की जनता को एक भावुक पत्र लिखा था कि उनके स्थान पर उनके परिवार का ही कोई व्यक्ति यहाँ से चुनाव लड़ेगा।

रायबरेली और अमेठी को गांधी परिवार के गढ़ के तौर पर लंबे अरसे से जाना जाता रहा है हालांकि श्री राहुल गांधी 2019 में अमेठी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे लेकिन वह दक्षिण भारत में केरन की वायनाड सीट से विजयी हुए थे। उसी वर्ष तमाम विषम परिस्थितियों में भी श्रीमती सोनिया गांधी ने रायबरेली से जीत का परचनम लहराया था। उनके खिलाफ भाजपा के टिकट पर दिनेश प्रताप सिंह ने मोर्चा संभाला था जिन्हें सोनिया गांधी ने खासे अंतर से हराया था। इस बार भी भाजपा ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को ही रायबरेली से भाजपा का टिकट दिया है।

श्री दिनेश प्रताप सिंह भी एक समय मे कांग्रेसी रहे है। कांग्रेस ने ही उन्हें विधान परिषद का सदस्य भी बनाया था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में दिनेश प्रताप सिंह भी खासे मजबूत हुए है और वर्तमान में योगी सरकार में मंत्री भी है।

Next Post

कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ : योगी

Fri May 3 , 2024
लखनऊ, 3 मई (वार्ता) पाकिस्तान में कांग्रेस समर्थित बयानबाजी पर निशाना साधते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ है। संभल, बदायूं और आंवला लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के […]

You May Like