सिंगरौली: आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर ननि परिषद अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता एवं मेयर रानी अग्रवाल व उपायुक्त आरपी बैस तथा लेखा वित्त अधिकारी सत्यम मिश्रा की उपस्थिति में बैठक शुरू होते ही भाजपा कांग्रेस के पार्षदों ने बजट को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। अंतत: परिषद अध्यक्ष ने 4 अप्रैल को 11 बजे तक के लिए बैठक स्थगित कर दी।
दरअसल नपानि सिंगरौली के सभागार में आज एक बार फिर से परिषद की बैठक शुरू हो गई। बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्टी के पार्षद कमलेश्वर पटेल ने इस बात का विरोध किया कि आयुक्त इस महत्वपूर्ण बैठक में क्यों नही हैं। जवाब आया कि निगमायुक्त न्यायालय संबंधी कार्य के चलते जबलपुर गये हुये हैं। इसके बाद भाजपा व कांग्रेस पार्षदों ने इस बात का विरोध किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का जो बजट का ग्राफ तैयार किया गया था वो 347 करोड़ रूपये का था। फिर अचानक 137 करोड़ रूपये क्यों घट गया। इसका जवाब संतोष जनक मेयर सहित किसी के द्वारा नही दिया गया।
जिसके चलते परिषद की बैठक में जमकर हंगामा होने लगा। वही सेवानिवृत्त कार्यपालन यंत्री के बंगले से अचानक कर्मचारियों को हटाये जाने की घोर निंदा की गई। पार्षद सीमा जायसवाल ने सवाल किया कि बजट में आय किन कारणों से कम हुई है। इस बजट में क्या-क्या है? आयुक्त के गैर मौजूदगी में बजट पर चर्चा करना कहां तक उचित है। पार्षद बंतो कौर, अखिलेश सिंह, शत्रुधनलाल शाह, संतोष शाह समेत अन्य पार्षदों ने बजट के कटौती का विरोध किये। साथ ही एमआईसी के वित्त मंत्री को विपक्षी पार्षदों ने आड़े हाथों लिया। भाजपा-कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे।
