श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, पेयजल की विशेष व्यवस्था की प्रशासन ने
12 से अनुयाई आना शुरू हो जाएंगे
इंदौर: हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंबेडकर जयंती पर महू में अनुयायियों का विशाल समागम होगा. इसको देखते हुए प्रशासन ने भी महू में श्रद्धालुओं के ठहरने से लेकर खाने तक एक व्यवस्था की जा रही है. प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर स्मारक पर बाबा साहब अम्बेडकर को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे. जन्म स्थली पर महाराष्ट्र और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को मेहमानों की तरह राज्य शासन द्वारा आवभगत की जाएगी. जन्म स्थली पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा के साथ फूलों और विद्युत रोशनी से सजावट होगी.
कलेक्टर आशीष सिंह ने आज डॉ. अंबेडकर नगर (महू) का दौरा किया. अंबेडकर जयंती केके लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए. कलेक्टर सिंह ने डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जन्म स्थली स्मारक का अवलोकन करने के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सिंह स्वर्ग मंदिर महाविद्यालय परिसर गए और यहां की व्यवस्थाएं भी देखी. कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी होना चाहिए.
आगामी 13 को रात्रि में जन्मस्थली पर संस्थान द्वारा भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगी. 14 अप्रैल को अंबेडकर संस्थान द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो महू के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी. श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल शाम से शुरू हो जाएगा. श्रद्वालुओं के भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में रहेगी. उक्त व्यवस्था 12 अप्रैल शाम से शुरू हो जाएगी. उक्त भोजन व्यवस्था 14 अप्रैल की शाम तक चलेगी. भंतो के भोजन की व्यवस्था तथा ठहराने की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में ही रहेगी. बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हितिका वासल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश द्विवेदी, एसडीएम महू राकेश परमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
ठहराने की व्यवस्था
श्रद्वालुओं के रुकने के लिए धर्मशालाओं, केंट बोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं केंट बोर्ड कन्या स्कूल में श्रद्वालुओं की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा तीन विशाल डोम भी ठहरने के लिए बनाए जाएंगे.
6 स्थलों पर आकस्मिक चिकित्सा
समारोह के दौरान 6 स्थानों पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था रहेगी. स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों का दल गठन कर ड्यूटी लगाई जा रही है. साथ साफ-सफाई के लिए इन्दौर नगर निगम एवं स्थानीय निकाय से सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे. समारोह के दौरान अग्निशमन की भी व्यवस्था रहेगी.
