बैठक में संचालकों को चेतावनी
इंदौर: शहर में बसों का संचालन निर्धारित स्थान से ही करें. इधर-उधर से कहीं पर भी बस रोक कर सवारी नहीं बैठाएं. सड़कों पर अपनी बसों को पार्क नहीं करें. बसें निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें. इधर-उधर से सवारी बैठाने और बसें चाहे जहां खड़ी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बसों को जब्त भी किया जाएगा. कलेक्टर ने बस संचालकों के साथ बैठक में उक्त चेतावनी दी.
आज कलेक्टर सभागृह में कलेक्टर आशीष सिंह ने बस संचालकों के साथ बैठक की. बैठक में ऑल इंडिया बस परमिट और राज्य कैरेज परमिट पर संचालित बस ऑपरेटर को बुलाया था. कलेक्टर ने बस संचालकों को बस पार्क करने के वैकल्पिक स्थान चयन करने के लिए तीन दिन की मोहलत दी है. इसके बाद परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त मुहिम चलाकर बसों को जप्त करने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि बस ऑपरेटरों द्वारा अपनी बसों को गंगवाल बस स्टैण्ड, छोटी ग्वालटोली, नवलखा, पिपल्याहाना, रिंग रोड़ तथा तीन इमली क्षेत्र में बसें कहीं पर भी खड़ी कर यातायात बाधित किया जाता है. इससे यातायात जाम होता है और दुर्घटना की आशंका रहती है. बस ऑपरेटरों से कहा गया कि वे अपनी बसों को तीन दिन में निर्धारित स्थान से संचालित करना शुरू करें. कहीं से भी सवारी नहीं बैठाएं.
वैकल्पि स्थान मुहैया कराया जाएगा
कलेक्टर ने ऑपरेटरों से कहा कि बसों को पार्क करने के लिए वैकल्पिक स्थान मुहैया कराया जाएगा. इसके लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को स्थान चिन्हित कर बसों को पार्क करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. उन्होंने आरटीओ से कहा कि वे ऑटो रिक्शा संचालकों की भी बैठक लेकर उक्त संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी करें. बैठक में स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, आरटीओ प्रदीप शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे
