
रोम, 14 मई (वार्ता) इटली की टेनिस खिलाड़ी जैस्मीन पाओलिनी ने रूस की डायना श्नाइडर को हराकर इटैलियन ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
छठी वरीयता प्राप्त पाओलिनी ने मंगलवार को खेले गये वर्षा बाधित मुकाबले में रूस की श्नाइडर पर 6-7 (1-7) 6-4 6-2 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वह 2014 के बाद अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली इटली की महिला टेनिस खिलाड़ी बन गईं।
सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद पाओलिनी ने कहा, “यह वास्तव में कठिन मैच था। मैं बहुत खुश हूं कि मैंने मुकाबला जीता, लेकिन यह एक रोलर कोस्टर था। हर कदम पर मैंने एक नई तरकीब खोजी। मैंने अंत तक संघर्ष किया। निश्चित रूप से दर्शकों ने मेरी मदद की। इसलिए मैं जीत से वास्तव में बहुत खुश हूं।”
