नयी दिल्ली 27 मार्च (वार्ता) सरकार वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में आठ लाख करोड़ रुपये उधारी से जुटायेगी।
वित्त मंत्रालय ने आज यहां इसके लिए कैलेंडर जारी करते हुये कहा कि सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के परामर्श से वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही के लिए अपने उधार कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट में निर्धारित 14.82 लाख करोड़ के सकल बाजार उधार में से 8.00 लाख करोड़ (54 प्रतिशत) को पहली छमाही में दिनांकित प्रतिभूतियों को जारी करने के माध्यम से उधार लेने की योजना है, जिसमें 10,000 करोड़ रुपये के सॉवरेन ग्रीन बॉन्ड शामिल हैं।
उसने कहा कि 8.00 लाख करोड़ रुपये का सकल बाजार उधार 26 साप्ताहिक नीलामियों के माध्यम से पूरा किया जाएगा। बाजार उधार 3, 5, 7, 10, 15, 30, 40 और 50 वर्ष की प्रतिभूतियों में होगा। सरकार प्रतिभूतियों की स्विचिंग/बायबैक करेगी। सरकार नीलामी अधिसूचनाओं में प्रत्येक प्रतिभूति के विरुद्ध 2,000 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त अभिदान बनाए रखने के लिए ग्रीनशू विकल्प का प्रयोग करेगी।
