
ग्वालियर। सेंट्रेल जेल में दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे बंदी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जेल प्रबंधन का कहना है कि बुधवार रात को तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया थ। जहां पर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस व जेल प्रबंधन का मानना है कि संभवत: हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव पीएम हाउस भेज कर जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि बुधवार को ही कोर्ट से मृतक की रिहाई के आदेश आ गए थे। लेकिन समय ज्यादा होने कारण जेल प्रशासन ने उसके परिजनों को सुबह आने का कहकर लौटा दिया था। गुरुवार सुबह जब मृतक के परिजन जेल पहुंचे तो पता चला कि देर रात तबीयत बिगड़ने के चलते उसकी अस्पताल में मौत हो गई है। इस पर परिजनों ने जेल के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया और जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया है। ग्राम पठारी कदीम थाना कुलपहाड़ जिला महोबा उत्तर प्रदेश निवासी 28 वर्षीय मनोज यादव पुत्र दयाराम यादव को दुष्कर्म और पोस्को एक्ट के मामले में उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार किया गया था।
