काठमांडू, (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ गुरुवार सुबह टेलीफ़ोन पर बातचीत के बाद, नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने नेपाल में चीनी राजदूत चेन सोंग और अमेरिकी राजदूत डीन आर थॉम्पसन से शिष्टाचार भेंट की।
ये राजनयिक बैठकें सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुईं। नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव मंगलवार को प्रधानमंत्री कार्की से मुलाकात करने वाले पहले विदेशी राजदूत थे।
इस बैठक में राजदूत चेन ने कहा, “हम नेपाली लोगों की इच्छा का सम्मान करते हैं। हम आने वाले दिनों में भी नेपाल का समर्थन करेंगे। एक मित्र पड़ोसी देश के रूप में चीन नेपाल को आवश्यक सहायता देने के लिए हमेशा तैयार है।”नेपाली विदेश मंत्रालय के अनुसार, उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि श्रीमती कार्की के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान द्विपक्षीय संबंध नई ऊँचाइयों को छुएँगे।
नेपाल प्रधानमंत्री सचिवालय ने बताया कि राजदूत थॉम्पसन ने अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री कार्की से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान, दोनों पक्षों ने आपसी हित और द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। नेपाल ने अमेरिका के निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि अमेरिका आने वाले दिनों में भी अपना समर्थन पहले की तरह जारी रखेगा।
इस अवसर पर, राजदूत थॉम्पसन ने नेपाल सरकार की प्राथमिकताओं के अनुसार, पहले की तरह, पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया।
