भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मण्डल की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को समाप्त हो गई. हायर सेकेण्डरी की परीक्षा गणित विषय के साथ संपन्न हुई. इस दौरान सतना जिले में एक नकल का प्रकरण दर्ज किया गया. विभाग के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मालवीय ने परीक्षा के सम्बन्ध में जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि प्रदेश में बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई है. मंगलवार को परीक्षा का अंतिम दिन रहा. मंडल की परीक्षा के शुरू से आखिर तक हाइस्कूल परीक्षा में कुल 43 और हायर सेकंडरी परीक्षा में कुल 41 नकल प्रकरण बने है. परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रो पर फ्लाइंग स्क्वायड पहुंच रहे थे. परीक्षा में इस वर्ष करीब 16 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।
बार कोड से कॉपियों की जांच
बता दें कि माशिमं द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियों की जांच बार कोड के माध्यम से की जा रही है. अब तक करीब 20 फीसदी कॉपियों की जांच भी की जा चुकी है. कॉपियों की जांच 20 अप्रैल तक पूरी कर लेना का बोर्ड ने लक्ष्य बनाया है. सभी कॉपियां मूल्यांकन केंद्रों पर जाँच के लिए भेजी जा रही है. प्रदेश की राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर, सागर और रीवा में बारकोड केंद्र बनाये गए है. जिनमें भोपाल में दो और बाकी जिलों में एक-एक केंद्र बनाया गया है। इन सभी छह केन्द्रो पर कॉपियों में बारकोड लगाए जा रहे है. मंडल के सचिव के अनुसार अप्रैल महीने में ही तीन चरणों में कॉपियों की जाँच पूरा कर लेना कर लक्ष्य है. बार कोड के जरिये कॉपियों की जांच होने से गोपनीयता भी बरकरार रहेगी. कॉपियों की जांच करते समय मूल्यांकनकर्ता को परीक्षार्थियों के रोल नंबर भी नज़र नहीं आएंगे. जिसके लिए 40 दिन का समय भी निर्धारित है। इस वर्ष करीब 40 हजार शिक्षकों द्वारा 13 मार्च से कॉपियों की जाँच की जा रही है.
