गोयल से मिले अमेरिका के वाणिज्य मंत्री लुटनिक

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के वाणिज्य मंत्री होवर्ड लुटनीक ने यहां गुरुवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की।

गत 07 फरवरी को अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा के बाद तेजी से बदली परिस्थितियों के बीच उनके इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों पक्षों ने चर्चा को “सकारात्मक” बताया है हालांकि आधिकारिक रूप से इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गयी है। बैठक में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गेई गोर भी मौजूद थे।

माना जा रहा है कि श्री गोयल और श्री लुटनिक के बीच आज की बैठक में अंतरिम समझौते और बदली परिस्थितियों के बीच उसके भविष्य पर ही मुख्य रूप से चर्चा हुई है।

श्री गोयल ने इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अमेरिका के वाणिज्य मंत्री होवर्ड लुटनिक और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्गेई गोर के आतिथ्य का मौका मिला। दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक भागीदारी के विस्तार को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।”

श्री गोर ने दोपहर के खाने पर हुई इस बैठक को सकारात्मक बताते हुए लिखा कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग के अवसर हैं।

उल्लेखनीय है कि अंतरिम व्यापार समझौते के तहत अमेरिका में भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया गया था। साथ ही कई अमेरिकी उत्पादों के लिए भारतीय बाजार को खोलने का प्रावधान है। हालांकि उसके बाद अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल बिना संसद की अनुमति के ट्रंप प्रशासन द्वारा विभिन्न देशों के खिलाफ आयात शुल्क की ऊंची दरों के आदेश को रद्द कर दिया। इसके बाद वहां की सरकार ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत की एक समान आयात शुल्क लगाने का आदेश जारी किया है।

इस घटनाक्रम के बाद अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए इस सप्ताह के आरंभ में अमेरिका जाने वाले भारतीय दल के दौरे को रद्द कर दिया गया है।

 

Next Post

भू-अर्जन शाखा के जोनल अधिकारी एक लाख की रिश्वत लेते  ट्रैप

Thu Feb 26 , 2026
सीधी। जिले में लोकायुक्त पुलिस रीवा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन शाखा के जोनल अधिकारी कलेक्टर कार्यालय सीधी भूपेंद्र पाण्डेय को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए कार्यालय में रंगे हाथों ट्रैप किया। यह दूसरी बार है जब आरोपी को लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप में पकड़ा […]

You May Like