नयी दिल्ली, (वार्ता) खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 (केआईपीजी) के पांचवें दिन दो पावरलिफ्टिंग में दो राष्ट्रीय रिकार्ड बने। वहीं निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता।
पंजाब की सीमा रानी ने महिलाओं के इलीट 61 किलोग्राम वर्ग में 97 किलोग्राम का रिकॉर्ड भार उठाया, जबकि बिहार के झंडू कुमार ने पुरुषों के इलीट 72 किलोग्राम वर्ग में 206 किलोग्राम भार उठाकर अपना ही रिकार्ड बेहतर किया।
उधर, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में पैरालिंपियनों ने दबदबा बनाया। पेरिस 2024 की कांस्य पदक विजेता मोना अग्रवाल ने मिक्स्ड 50 मीटर प्रोन एसएच1 में 243.3 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वह महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच 1 और मिश्रित 10 मीटर एयर राइफल प्रोन एसएच2 श्रेणियों में पहले ही दो रजत पदक जीत चुकी हैं।
पैरा निशानेबाजी के अंतिम दिन, राजस्थान के निहाल सिंह (जिन्होंने पेरिस पैरालिंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया था), मिश्रित 25 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में हावी रहे, और दिसंबर 2023 में आयोजित खेलो इंडिया पैरा गेम्स के पहले संस्करण से जीता गया अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा।
पदक तालिका में हरियाणा 29 स्वर्ण के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। तमिलनाडु और राजस्थान 24 और 22 स्वर्ण पदकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
सीमा ने साई मीडिया से बातचीत में कहा, “नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना और लगातार खेलो इंडिया पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना बहुत अच्छा लग रहा है। मैं एथलीटों के लिए विश्व स्तरीय व्यवस्था करने के लिए साई को धन्यवाद देती हूं क्योंकि उनके बिना ध्यान केंद्रित करना और अच्छी तरह से प्रतिस्पर्धा करना मुश्किल है।”
बिहार के झंडू कुमार ने कहा, “खेलो इंडिया पैरा गेम्स पैरा एथलीटों के लिए एक बेहतरीन मंच है। मैंने 2023 में पहले रजत पदक जीता था। अब रजत पदक को स्वर्ण पदक में बदलना बहुत अच्छा लग रहा है।”
