एलएंडटी एनर्जी ग्रीन टेक और जॉन कॉकरिल एनर्जी ने हरित ऊर्जा तकनीकों के लिए किया करार

मुंबई, 24 मार्च (वार्ता) हरित ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी एनर्जी ग्रीन टेक लिमिटेड (एलटीईजीएल) ने सोमवार को ऐलान किया कि उसने बेल्जियम की कंपनी जॉन कॉकरिल एनर्जी के साथ कंसंट्रेटेड सौर ऊर्जा (सीएसपी) और ताप विद्युत ऊर्जा भंडारण (टीईएस) तकनीकों की खोज के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि इस एमओयू का उद्देश्य विनिर्माण, घटक आपूर्ति और इंजीनियरिंग समाधानों में सहयोग के अवसरों को तलाशना और विकसित करना है। ये पहल सीएसपी और टीईएस परियोजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने और तैनात करने में अहम भूमिका निभाएंगी।

एलएंडटी के पूर्णकालिक निदेशक और अध्यक्ष (ऊर्जा) सुब्रमण्यम सरमा ने इस साझेदारी पर कहा, “हम अगली पीढ़ी की हरित ऊर्जा तकनीकों को तेजी से अपनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन के लिए अक्षय ऊर्जा की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। जॉन कॉकरिल के साथ यह सहयोग हमारी इस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो एलएंडटी की विनिर्माण, ईपीसी और सेवा विशेषज्ञता को जॉन कॉकरिल के वैश्विक ऊर्जा नेतृत्व के साथ जोड़ता है।”

जॉन कॉकरिल एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) थॉमस बोहनर ने उत्साह जताते हुए कहा, “एलटीईजीएल के साथ साझेदारी से हम भारत के विनिर्माण क्षेत्र को टिकाऊ और कुशल बनाने के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। हमारी सीएसपी और टीईएस तकनीकें दुनिया भर में छोटे से बड़े पैमाने की अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए रास्ता बना रही हैं। संयुक्त अरब अमीरात, चीन, चिली और दक्षिण अफ्रीका में 5 अत्याधुनिक सौर थर्मल रिसीवर सहित हमारा अनुभव हमें भरोसा देता है कि यह साझेदारी भारत में कम कार्बन समाधान तलाश रही कंपनियों के लिए फायदेमंद होगी।”

एलटीईजीएल, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, जो ग्रीन हाइड्रोजन, इसके डेरिवेटिव और इलेक्ट्रोलाइजर निर्माण सहित टिकाऊ ऊर्जा समाधानों पर केंद्रित है। यह कंपनी अपने तीन मुख्य क्षेत्रों- विकास, विनिर्माण और ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, कंस्ट्रक्शन)- के जरिए उन्नत तकनीक और रणनीतिक साझेदारियों से ग्रीन एनर्जी की पूरी मूल्य श्रृंखला को मजबूत कर रही है।

जॉन कॉकरिल एनर्जी 200 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ ऊर्जा और उद्योग के क्षेत्र में नवाचार कर रही है। यह कंपनी नवीकरणीय स्रोतों से बिजली उत्पादन, हरित ऊर्जा का भंडारण और बिजली संयंत्रों व औद्योगिक इकाइयों के प्रदर्शन को बेहतर करने जैसे समाधान पेश करती है। इसके पोर्टफोलियो में हीट रिकवरी स्टीम जनरेटर, सौर ऊर्जा रिसीवर, हरित बिजली के लिए एकीकृत इकाइयां, औद्योगिक बॉयलर और कूलिंग सिस्टम शामिल हैं, जो ग्राहकों की विशिष्ट जरूरतों के हिसाब से तैयार किए जाते हैं।

Next Post

स्टील,एल्युमीनियम निर्यात में भारी कमी से इंजीनियरिंग निर्यात फरवरी में 8.6 प्रतिशत नीचे

Mon Mar 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) मुख्य रूप से लोहा-इस्पात, एल्युमीनियम तथा तांबे और इनके उत्पादों के निर्यात में गिरावट के कारण कारण भारत के इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में लगातार नौ माह की तेजी का सिलसिला इस बार फरवरी में टूट गया और कुल इंजीनियरिंग निर्यात में सालाना आधार पर […]

You May Like