नयी दिल्ली 19 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का बचाव करने के लिए ‘गांधी परिवार’ की तीखी आलोचना करते हुए सवाल किया है कि भ्रष्टाचार के इस मामले में ‘गांधी परिवार’ का क्या हित छिपा है।
डा़ द्विवेदी ने शनिवार को यहां मीडिया को संबोधित करते हुए मांग की कि इस मामले में गांधी परिवार का हित देश के सामने आना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कई सरकारें प्रत्यक्ष रूप से भ्रष्टाचार में शामिल रही हैं और छत्तीसगढ़ में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार में हुआ भ्रष्टाचार उसी शृंखला की एक कड़ी है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा ,“ कांग्रेस के “प्रथम परिवार” द्वारा भूपेश बघेल का बचाव किए जाने से यह संदेह उत्पन्न होता है कि क्या यह सिर्फ भूपेश बघेल एवं उनके परिवार से जुड़ा मामला था, या फिर इस मामले के तार दिल्ली तक भी जुड़े हैं?”
उन्होंने कहा कि कर्नाटक और तेलंगाना सहित कई कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं परन्तु जिस तरह गांधी परिवार छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का बचाव कर रही है वैसा उदाहरण इतिहास में कभी देखने को नहीं मिलता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा धन शोधन मामले में राबर्ट वाड्रा का बचाव किये जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बहनोई के बचाव में बोलने का मामला तो पारिवारिक है, लेकिन यह तो राजनीतिक मामला है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी यह जानना चाहती है कि छत्तीसगढ़ के इस भ्रष्टाचार के मामले में गांधी परिवार का क्या हित छिपा है।
छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जांच एजेंसियां इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2023 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन के सदस्य रहते हुए भूपेश बघेल को देश का सर्वाधिक भ्रष्ट मुख्यमंत्री कहा था।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उस समय कांग्रेस ने श्री केजरीवाल पर प्रहार नहीं किया लेकिन भूपेश बघेल के बचाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा किए गए ट्वीट अपने आप में कई प्रश्न खड़े करते हैं।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती वाड्रा ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के जंगल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नजदीकी उद्योगपति गौतम अडानी को सौंप रही है और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसका जमकर विरोध कर रहे हैं इसलिए उनके परिवार को इसकी सजा दी जा रही है।
