नयी दिल्ली 22 मार्च (वार्ता) गैर सरकारी संगठन भारत गौरव रत्न श्री सम्मान परिषद ने पूर्व विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा तथा ओलंपिक पदक विजेता एवं भारतीय पेशेवर पहलवान रवि कुमार दहिया को समाज के विकास में योगदान के लिए सम्मानित किया है।
परिषद ने शनिवार को यहां एक समारोह में उन दूरदर्शी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया जिनके योगदान ने समाज को गहराई से प्रभावित किया है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तित्वों ने भाग लिया। इस वर्ष के सम्मानित व्यक्तित्व राजनीति, खेल, कानून प्रवर्तन और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों से हैं।
समारोह में उपस्थित प्रमुख हस्तियों में श्रीमती लेखी, श्री शर्मा और श्री दहिया के अलावा दिल्ली विधानसभा के सदस्य चंदन कुमार चौधरी, वरिष्ठ राजनेता डॉ. विजय जोली, भारतीय विश्वविद्यालय संघ में संयुक्त सचिव डॉ. आलोक कुमार मिश्रा और दिल्ली पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी किरण सेठी शामिल रही।
परिषद के निदेशक डॉ. तपन कुमार राउतराय ने कहा कि यह मंच उन लोगों को समर्पित है जिन्होंने अपने कर्तव्य से आगे बढ़कर समाज में स्थायी प्रभाव डाला है। उनकी निष्ठा और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
