आरसीए ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अवार्ड के लिये चयनित नाम घोषित किये

जयपुर, 19 मार्च (वार्ता) राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) ने विभिन्न श्रेणी में पुरस्कारों के लिये चयनित खिलाड़ियों के नाम घोषित कर दिये हैं।

आरसीए की तदर्थ समिति के संयोजक एवं विधायक जयदीप बिहाणी ने बुधवार को बताया कि आरसीए अवार्ड के लिये गठित पुरस्कार चयन समिति के सदस्य रतन सिंह, विमल शर्मा एवं हरीश चंद्र ने आज आयोजित बैठक में विभिन्न आयु वर्ग में राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके देश का प्रतिनिधित्व करने वाले युवा खिलाड़ियों को आरसीए सर्वश्रेष्ठ खिलाडी अवार्ड ‘अभिमान’ एवं सर्वश्रेष्ठ इमर्जिंग प्लेयर अवार्ड के चयनित खिलाड़ियों के नाम घोषित किये।

आरसीए तदर्थ समिति के सदस्य धर्मवीर सिंह शेखावत ने बताया कि आरसीए द्वारा हर आयु वर्ग के सर्वश्रेष्ठ पुरुष एवं महिला खिलाड़ी को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। इसके साथ ही राज्य के पूर्व प्रशासकों को उनके राज्य क्रिकेट में दिए गए अहम् योगदान के लिये सम्मानित करते हुए उन्हें मरणोपरांत ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ के साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र , स्मृति चिन्ह और एक लाख रुपये की इनामी राशि दिए जाएगी। उन्होंने बताया कि आरसीए द्वारा 25 मार्च को जयपुर में होटल मैरियट में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे।

श्री सिंह ने बताया कि हनुमंत सिंह अवार्ड के लिये सीनियर पुरुष वर्ग में महिपाल लोमरोर को सर्वश्रेष्ठ सीनियर पुरुष खिलाड़ी और महिला वर्ग में सुमन मीणा को सर्वश्रेष्ठ सीनियर महिला खिलाड़ी चुना गया। इसी प्रकार सलीम दुर्रानी अवार्ड – अंडर 23 आयु वर्ग में मोहित चांगरा को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और उषा परेरिया को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया।

उन्होंने बताया कि किशन रूंगटा अवार्ड -अंडर 19 आयु वर्ग में जतिन सैनी को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और मैना सियोल को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया। लक्ष्मण सिंह अवार्ड के लिये अंडर-16 में यथार्थ भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ अंडर- 16 पुरुष खिलाड़ी और धृति माथुर को सर्वश्रेष्ठ अंडर- 15 महिला खिलाड़ी चुना गया।

इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ इमर्जिंग प्लेयर अवार्ड के लिये कार्तिक शर्मा को सर्वश्रेष्ठ इमर्जिंग प्लेयर पुरुष और आयुषी गर्ग को सर्वश्रेष्ठ इमर्जिंग प्लेयर महिला खिलाड़ी चुना गया।

आरसीए समिति के सदस्य विमल शर्मा ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट संघ के पूर्व प्रशासक एवं वरिष्ठ खेल पत्रकार को खेल में दिए उनके अहम् योगदान को सम्मान देते हुए उन्हें मरणोपरांत आरसीए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित करेगा। इनमें दिवंगत कमल मोरारका, अशोक ओहरी, राजेंद्र सिंह राठौर, राकेश अग्रवाल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि आरसीए खेल पत्रकार दिवंगत सुंदर लाल मथुरिया को खेलों में उनके योगदान को देखते हुए मरणापरांत लाइफ टाइम आरसीए अवार्ड से सम्मानित करेगा। श्री शर्मा ने बताया कि राजस्थान में खेल पत्रकारिता की नींव रखने वाले सुंदरलाल मथुरिया, जिन्हें एस.एल. मथुरिया के नाम से भी जाना जाता है, को राज्य में खेल पत्रकारिता का जनक कहा जाता है। उन्होंने राज्य में 60, 70 और 80 के दशक में खेल पत्रकारिता को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया और कई उभरते खेल पत्रकारों को मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने बताया कि श्री मथुरिया ने प्रतिष्ठित समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका और समाचार एजेंसी यूएनआई में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने राजस्थान के दैनिक समाचार पत्रों में खेलों के लिए अलग से एक पृष्ठ आरंभ करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे खेल जगत को अधिक प्रमुखता मिली। इसके साथ ही श्री मथुरिया ने समाचार एजेंसी यूएनआई के माध्यम से राजस्थान की खेल की खबरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। उनके प्रयासों से न केवल राज्य में खेल पत्रकारिता का विकास हुआ, बल्कि कई युवा पत्रकारों को भी प्रेरणा मिली। उनके योगदान को राजस्थान में खेल और पत्रकारिता के क्षेत्र में हमेशा याद किया जाएगा।

Next Post

जोश और जुनून के साथ सकारात्मक अंदाज में उतरेगी एलएसजी: खान

Wed Mar 19 , 2025
लखनऊ 19 मार्च (वार्ता) भारतीय टीेम के पूर्व गेंदबाज और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मेंटर जहीर खान ने कहा कि जोशीले कप्तान रिषभ पंत की अगुवाई में उनकी टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नये सत्र में जुनून और सकारात्मक खेल भावना के साथ मैदान पर उतरेगी। जहीर ने […]

You May Like