श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर एहतियात के तौर पर सुरक्षा अलर्ट

मथुरा (वार्ता) आगामी 9 अगस्त को लेकर मथुरा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र और आसपास की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भारी पुलिस बल ने सघन फ्लैग मार्च निकाला। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का जायजा लेते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए यह कदम उठाया गया है।

पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा) राजकुमार अग्रवाल के नेतृत्व में थाना गोविंद नगर क्षेत्र के अंतर्गत डीग गेट और श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर के आसपास के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया गया। इस मार्च में जिला पुलिस बल के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), प्रांतीय सशस्त्र पुलिस (पीएसी) और कोबरा कमांडो की टुकड़ियां शामिल रहीं। अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो और पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा का संदेश गया।

एसपी सुरक्षा राजकुमार अग्रवाल ने फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व जवानों को मुस्तैदी बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को लेकर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के मौसम, श्रावण मास की भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जन्मभूमि क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने आम जनता और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, साथ ही चेताया है कि अफवाह फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Next Post

प्रकृति ही दुनिया का सबसे बड़ा धर्मः पद्मभूषण डॉ. जोशी

Sat Aug 8 , 2026
इंदौर: दुनिया में सबसे बड़ा धर्म प्रकृति है. ऐसा कोई समाज और धर्म नहीं, जिसका प्रकृति से कोई वास्ता नहीं हो. प्रत्येक व्यक्ति को चाहे वह किसी भी धर्म और समाज का हो, हवा, पानी, मिटटी, जंगल और प्रकृति का साथ चाहिए. सबसे बड़ा धर्म प्रकृति ही होना चाहिए लेकिन […]

You May Like