सतना: सतना-मैहर रेलमार्ग पर नजीराबाद क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर 11 दिन पहले मिले युवक के शव की पहचान करने के बाद जब जीआरपी ने पड़ताल शुरु की तो पता चला की उसने प्रताडऩा से तंग होकर आत्महत्या की थी. जीआरपी द्वारा इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
जीआरपी उप थाना प्रभारी राजेश राज ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 मार्च को स्टेशन अधीक्षक सतना द्वारा नजीराबाद क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना दी गई थी. मृतक के पास से एक डायरी बरामद की गई, जिसमें शराब खरीदने और बेचने का हिसाब लिखा हुआ था. कड़ी मशक्कत करने के बाद मृतक की पहचान अंकित कुमार मिश्रा के तौर पर हुई.
जिसके बाद पड़ताल में यह जानकारी सामने आई कि शराब कंपनी ऊँ साईं राम ग्रुप के कर्मचारी बबलू सिंह द्वारा उधारी का पैसा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. इसके लिए अंकित को बुरी तरह प्रताडि़त भी किया जा रहा था. जिससे तंग आकर अंकित ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी. पूछताछ के जरिए मामले की तस्दीक होने पर आरोपी बबलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
