नयी दिल्ली, 17 मार्च (वार्ता) दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में निरीक्षण के दौरान आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद तीमारदारों से उनकी समस्याओं सुनी। यहां उन्होंने मरीज प्रवेश रजिस्टर को देखकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल के वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और उनके इलाज की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल के डॉक्टरों और अन्य स्टाफ को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल में कोई कमी न आए और हर नागरिक को समुचित चिकित्सा सुविधा मिले।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “दिल्ली सरकार का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। इसलिए मैं कभी भी किसी भी अस्पताल का निरीक्षण कर सकता हूं, ताकि व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।”
अस्पताल प्रशासन और स्टाफ को संबोधित करते हुए डॉ सिंह ने जोर दिया कि मरीजों के प्रति सहानुभूति और पेशेवर रवैया अपनाया जाए, ताकि अस्पताल में सकारात्मक माहौल बना रहे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की कमी को जल्द दूर किया जाएगा।
औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को और मजबूत किया जाए, इमरजेंसी वार्ड में आने वाले मरीजों को अनावश्यक रूप से अन्य अस्पतालों में रेफर न किया जाए। इसके लिए दवाओं की उपलब्धता और मेडिकल सेवाओं में सुधार किया जाए ताकि मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके। इसके अलावा, उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया।
डॉ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली की विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने आगे कहा स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर दिल्लीवासियों से किए गए वादे को हम 100 दिनों के भीतर पूरा करते नजर आएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी स्वास्थ्य मंत्री ने डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, रोहिणी का औचक निरीक्षण कर वहां की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा की थी।
