
शहडोल। वन विभाग ने नीलगिरी की अवैध लकड़ी से भरे चार ट्रक जब्त किए हैं। विभाग ने शहर के विभिन्न स्थानों में यह कार्रवाई की।
सोमवार को वन परिक्षेत्र अधिकारी अशोक अवस्थी ने बताया कि रीवा होटल के पास से दो ट्रक पकड़े गए। इन ट्रकों में तिरपाल के नीचे नीलगिरी की लकड़ी छिपाकर रखी गई थी। दोनों वाहनों को काष्ठागार नरसरहा में रखा गया है। पकड़े गए ट्रकों के नंबर सीजी 12 एएल 4294 और एमपी 18 जीए 4048 हैं। इसी तरह
केशवाही वन परिक्षेत्र के तेन्दुटोला बीट में रात की गश्त के दौरान एक ट्रक पकड़ा गया। यह ट्रक नंबर एमपी 18 जीए 4715 था। बुढ़ार वन परिक्षेत्र में भी एक ट्रक पकड़ा गया। अनूपपुर-बुढ़ार मार्ग पर श्रीवास्तव मोड़ के पास से पकड़े गए इस ट्रक का नंबर एमपी 18 जीए 2679 है। जांच में पाया गया कि चारों ट्रकों के पास लकड़ी परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं थे।
