जबलपुर: हिंदू धर्म सेना ने कांग्रेस नेत्री रेखा विनोद जैन द्वारा भगवान श्री परशुराम जी की तुलना औरंगज़ेब जैसे क्रूर आक्रांता से किए जाने की कड़ी निंदा की है। हिंदू धर्म सेना के अनुसार, यह बयान न केवल हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का एक षड्यंत्र भी प्रतीत होता है।
हिंदू धर्म सेना के प्रदेश संयोजक अर्पित सिंह ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि “भगवान परशुराम सनातन धर्म के पूज्य और आराध्य देवता हैं। उनकी तुलना एक आक्रांता से करना करोड़ों हिंदुओं का अपमान है। यह न केवल हिंदू संस्कृति पर सीधा प्रहार है, बल्कि जानबूझकर धार्मिक भावनाएं भड़काने की एक सुनियोजित साजिश भी है।”
हिंदू धर्म सेना ने इस मामले में प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन ने भारतीय दंड संहिता की धारा के तहत रेखा विनोद जैन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है।हिंदू धर्म सेना कांग्रेस पार्टी से भी स्पष्ट रुख अपनाने और रेखा जैन को तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग करती है।
