उज्जैन/भोपाल, 15 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली के अवसर पर यहां कालिदास अकादमी परिसर में नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार “सिंहस्थ 2028” के भव्य आयाेजन के लिए प्रतिबद्ध है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार देर रात “अमृत 2.0 मिशन” अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों तथा सिंहस्थ क्षेत्र में 476 करोड़ रुपए की लागत के सीवरेज कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इससे 3 लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
डॉ. यादव ने इस अवसर कहा कि उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले “सिंहस्थ” के भव्य आयोजन के लिए सरकार कृत-संकल्पित हैं। इसके अंतर्गत 2329 करोड़ रुपयों के कार्य किये जा रहे हैं। जल संसाधन विभाग और ऊर्जा विभाग के अलावा बेहतर गुणवत्ता वाली सड़कों के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। पर्यटन और संस्कृति विभाग से संबंधित कार्य भी चल रहे हैं। “मेडिसिटी” में मेडिकल कॉलेज और अन्य उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के समस्त कार्य जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ यादव ने उज्जैन के विकास से संबंधित अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि इन सबका लाभ यहां की जनता को मिलेगा। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
