मोदी फ्रांस और अमेरिका की यात्रा पर रवाना

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस और अमेरिका की चार दिन की यात्रा पर सोमवार को रवाना हो गए।

श्री मोदी ने रवाना होने के पहले अपने वक्तव्य में कहा,“राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर, मैं 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा करूंगा। पेरिस में, मैं एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता के लिए तत्पर हूं, जो विश्व के नेताओं और वैश्विक तकनीकी मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का सम्मेलन है, जहां हम समावेशी, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से नवाचार और बड़े सार्वजनिक भलाई के लिए एआई प्रौद्योगिकी के लिए सहयोगी दृष्टिकोण पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरी यात्रा का द्विपक्षीय खंड मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों के साथ भारत-फ्रांस रणनीतिक साझीदारी के लिए 2047 होराइजन रोडमैप पर प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगा। हम फ्रांस में पहले भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करने के लिए ऐतिहासिक फ्रांसीसी शहर मार्सिले की भी यात्रा करेंगे और अंतर्राष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर प्रायोगिक रिएक्टर परियोजना का भी दौरा करेंगे, जिसमें भारत वैश्विक भलाई के लिए ऊर्जा का उपयोग करने के लिए फ्रांस सहित साझीदार देशों के संघ का सदस्य है। मैं उन भारतीय सैनिकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा जिन्होंने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान मजारगुए युद्ध कब्रिस्तान में अपने प्राणों की आहुति दी।”

श्री मोदी ने कहा, “फ्रांस से, मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के निमंत्रण पर अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर जाऊंगा। मैं अपने दोस्त, राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलने के लिए उत्सुक हूं। यद्यपि जनवरी में उनकी ऐतिहासिक चुनावी जीत और शपथ ग्रहण के बाद यह हमारी पहली बैठक होगी, लेकिन मुझे भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझीदारी बनाने में उनके पहले कार्यकाल में एक साथ काम करने की बहुत गर्मजोशी से याद है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा उनके पहले कार्यकाल में हमारे सहयोग की सफलताओं पर निर्माण करने और प्रौद्योगिकी, व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला लचीलापन के क्षेत्रों सहित हमारी साझेदारी को और अधिक बढ़ाने तथा गहरा करने के लिए एक एजेंडा विकसित करने का अवसर होगा। हम दोनों देशों के लोगों के आपसी लाभ के लिए मिलकर काम करेंगे और दुनिया के बेहतर भविष्य को आकार देंगे।

Next Post

महाकुंभ में शिरकत करने वाली द्रौपदी मुर्मू देश की तीसरी राष्ट्रपति

Mon Feb 10 , 2025
महाकुंभनगर, 10 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश की तीसरी ऐसी प्रथम नागरिक हैं जिन्हें प्रयागराज महाकुंभ में आने और त्रिवेणी में डुुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। श्रीमती मुर्मू ने सोमवार को यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाकुंभ के सकुशल संपन्न होने और राष्ट्र कल्याण की कामना के […]

You May Like