ग्वालियर: सात दिन से लापता युवक का शव तारागंज स्थित नाले में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की शिनाख्त कर ली गई है। घटना समाधिया कॉलोनी तारागंज स्थित बंडा पुल की है। मृतक सात दिन पहले शराब के लिए रुपए नहीं मिलने पर गुस्से में घर से निकल गया था और तभी से वापस नहीं लौटा था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है और मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है। जनकगंज थाना क्षेत्र के तारागंज स्थित बंडा पुल के पास स्वर्ण रेखा नाले में राहगीरों ने एक शव उतराता देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने शव की पहचान बेलदारों का पुरा निवासी अजय सिरोहिया के रूप में की। पुलिस ने अजय के परिजनों को भी मौके पर बुलाया जहां उन्होंने शव की पुष्टि की। परिजनों के अनुसार, मृतक सात दिन से लापता था और वे उसकी तलाश कर रहे थे।
